पूर्णियां/मलय कुमार झा
कांग्रेसी पार्टी के पूर्णियां जिलाध्यक्ष विजेन्द्र यादव का कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र बुके प्रतीक चिह्न देकर बनमनखी में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। जिलाध्यक्ष के लिए अभिनंदन समारोह का भी आयोजन किया गया। बनमनखी प्रखंड के पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष श्याम यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ मोटरसाइकिल जुलूस निकाला गया। जिलाध्यक्ष विजेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जबसे जिलाध्यक्ष का दायित्व सौंपा है। मैं कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को मजबूत कर रहा हूं। जिला से लेकर प्रखंड पंचायत और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की कवायद की जा रही है। जनता से जुड़कर जनमानस का काम करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि एक एक पुराने कांग्रेसियों के घर पहुंचकर उन्हे़ पार्टी से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इस दौरान सौ से ज्यादा लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूर्णिया में राहुल गांधी ने एक आवाज बनाकर मुझे भेजा है। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति से उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अब जिलाध्यक्ष का दायित्व निभा रहा हूं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि बनमनखी शुरू से ही कांग्रेस का गढ़ रहा है। जबसे राजद को सीट मिली है यहां आठ बार हार का मुंह देखना पड़ा है। अब इस सीट पर कांग्रेस अपना दावा ठोकेगी। केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पीएम ने पंद्रह लाख और रोजगार देने का वादा किया था वह सिर्फ जुमला बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं युवा बेरोजगारी और किसान अनाज के न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष ने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है बिना चढ़ावा दिये कोई काम नहीं होता। अफसरशाही हावी हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष श्याम यादव ने किया।