ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर निकाली गई तिरंगा यात्रा वंदे मातरम और भारत माता के लगे जयकारे

पूर्णियां/मलय कुमार झा

ऑपरेशन सिंदूर में सेना के शौर्य पराक्रम की हर कोई सराहना कर रहे हैं। इस अभियान को जन जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरे बिहार में तिरंगा यात्रा निकाल रही है। गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने आॅपरेशन सिंदूर अभियान चलाकर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया।
भारतीय सेना ने आतंकियों और आतंकी ठिकाने को ध्वस्त कर दुनियां को अपनी सैन्य शक्ति का परिचय दिया। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के मद्देनजर पूर्णियां जिले के भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह के नेतृत्व में तिरंगा शौर्य यात्रा निकाली गई। देशभक्ति के गीत और आन बान शान से लहरा रहे तिरंगा से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
जिला स्कूल स्थित मैदान से भव्य तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई। शहर के लोगों ने भी इसमें हिस्सा लिया। लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता वंदे मातरम के जयकारे लगाए। इस दौरान लोगों ने भारतीय सेना के जवानों के साहस और शौर्य को स्मरण किया।यहां से खीरू चौक भट्ठा बाजार लखन चौक के रास्ते आर एन साह चौक पर जाकर तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। सदर विधायक विजय खेमका ने कहा कि यह सिंदूर के सम्मान की यात्रा है। भारत के स्वाभिमान के लिए जिन वीर सैनिकों ने जान की बाजी लगा दी ये उसके सम्मान की तिरंगा यात्रा है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नया भारत है जो आतंकवाद पर चुप नहीं रहेगा बल्कि उसका माकूल जवाब देगा। एयर स्ट्राइक के माध्यम से तीनों सेनाओं ने पाकिस्तान को सबक सिखाया।
भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। हम वीर सैनिकों के अदम्य साहस को नमन करते हैं।‌ भाजपा की जिला महामंत्री नूतन गुप्ता ने कहा कि भारतीय सेना ने सिंदूर का बदला खून से लिया है इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाय वह कम है। ये भारत के सैनिकों की जीत है। भाजपा प्रवक्ता डा सी के मिश्रा ने कहा आपरेशन सिंदूर तीनों सेनाओं के शौर्य पराक्रम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान कोई हिमाकत करेगा तो उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Our Associates