पूर्णियां/मलय कुमार झा
समाहरणालय के महानंदा सभागार में बिहार सरकार के जल संसाधन संसदीय कार्य मंत्री सह पूर्णियां जिले के प्रभारी मंत्री विजय चौधरी ने समीक्षात्मक बैठक कर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। मंत्री ने जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के बैठक की अध्यक्षता की। इस मौके पर खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, सदर विधायक विजय खेमका, बनमनखी के विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, कसबा के विधायक आफाक आलम, डीएम, कुंदन कुमार, एसपी कार्तिकेय शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
इस बैठक में राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रहे महिला संवाद कार्यक्रम डॉ भीमराव अम्बेदकर समग्र सेवा अभियान तथा आपका शहर आपकी बात कार्यक्रम की समीक्षा की गई। इस दौरान मंत्री विजय कुमार चौधरी ने जिले के वरीय पदाधिकारियों के साथ संवाद कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रभावशीलता तथा जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति की गहन समीक्षा की। मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए जो कार्यक्रम चल रहा है उसका क्या प्रभाव है। महिला संवाद के तहत महिलाएं सरकार से क्या अपेक्षा रखती है और उनके क्या सुझाव हैं इस पर भी विचार किया जाएगा। भीमराव अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत दलितों महादलितों के लिए जो योजना चल रही है उसका लाभ मिल रहा है कि नहीं उसमें क्या सुधार चाहते हैं। इसके प्रति लोगों को जागरुक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपका शहर आपकी बात के तहत शहर के विकास के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सुझाव पर काम किया जा रहा है। जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने बाढ़ के मुद्दे पर कहा कि सरकार संभावित बाढ़ के पूर्व तैयारी कर चुकी है। तटबंधों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।