जहानाबाद में बट सावित्री पूजा धूमधाम से संपन्न, सुहागिनों ने पति की लंबी आयु के लिए रखा निर्जला व्रत
जहानाबाद/संतोष कुमार
जहानाबाद जिले में बट सावित्री पूजा का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना करते हुए वट वृक्ष की पूजा की और निर्जला व्रत रखा।
सुबह से ही महिलाएं पारंपरिक परिधान और सोलह श्रृंगार में सजकर वट वृक्ष के समीप एकत्रित हुईं। उन्होंने वट वृक्ष की परिक्रमा की और सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण किया। पंडित भोलानाथ पांडेय ने पूजा का विधिवत संचालन किया और व्रत के महत्व पर प्रकाश डाला।
पंडित पांडेय ने बताया कि यह व्रत ज्येष्ठ मास की अमावस्या को मनाया जाता है और इसमें सावित्री द्वारा अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लाने की कथा का विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि यह व्रत स्त्री के समर्पण, प्रेम और आस्था का प्रतीक है।
पूरे दिन निर्जला व्रत रखने के बाद महिलाओं ने वट वृक्ष के कोमल पत्ते चबाकर व्रत का पारण किया। इस अवसर पर बाजारों में पूजा सामग्री, फल और मिठाइयों की खरीदारी के लिए भीड़ देखी गई। इस पर्व ने एक बार फिर से भारतीय संस्कृति में स्त्री की भूमिका और उसकी आस्था को उजागर किया।