जहानाबाद में कांग्रेस की बैठक आयोजित, “हर घर तिरंगा” अभियान और बूथ सशक्तिकरण पर हुई चर्चा
जहानाबाद/संतोष कुमार
जहानाबाद जिले के पीजी रोड स्थित एक कमिटी हॉल में आज कांग्रेस पार्टी की अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कई प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने की रणनीति, आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मज़बूत करना तथा देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना शामिल रहा।
बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नेहरू जी के योगदान को याद करते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण किया और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नेहरू जी का सपना था एक समावेशी और प्रगतिशील भारत, और कांग्रेस कार्यकर्ता आज भी उसी विचारधारा पर चलते हुए समाज की सेवा में जुटे हैं।
कार्यक्रम में “हर घर तिरंगा” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने और देशभक्ति की भावना को जागृत करने की योजनाएं भी बनाई गईं। साथ ही, आगामी चुनावों को लेकर बूथ स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने पर विशेष ज़ोर दिया गया।
बैठक में स्थानीय कांग्रेस नेताओं, वार्ड स्तर के कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की भी सक्रिय भागीदारी देखी गई।