जहानाबाद/संतोष कुमार
जहानाबाद जिले में बुधवार की सुबह एक बेहद दुखद खबर सामने आई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध व्यवसायी सोहन प्रसाद उर्फ कक्कू जी का अचानक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। परिजनों ने उन्हें तुरंत सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके असामयिक निधन की खबर से जिले भर में शोक की लहर दौड़ गई है।धर्म, समाज और राजनीति में समान रूप से सक्रिय थे कक्कू जी।कक्कू जी न केवल भाजपा के एक समर्पित नेता थे, बल्कि वह एक सफल व्यवसायी और समाजसेवी के रूप में भी जाने जाते थे। जिले में धार्मिक आयोजनों, विशेषकर रामनवमी पूजा समिति सहित कई पूजा समितियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके स्पष्ट विचार, हिन्दुत्व के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि ने उन्हें जिले में एक लोकप्रिय और प्रभावशाली व्यक्तित्व बना दिया था।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति
भाजपा संगठन में कक्कू जी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती थी। वे हमेशा पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहते थे और संगठन को मजबूत करने में अग्रणी रहते थे। उनके निधन से पार्टी के साथ-साथ जिले के सामाजिक और व्यावसायिक जगत में भी गहरा शून्य पैदा हो गया है।
नेताओं और आमजन का उमड़ा सैलाब
उनके निधन की खबर मिलते ही उनके आवास पर लोगों का तांता लग गया। भाजपा के पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, वर्तमान विधायक उदय यादव, पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार समेत जिले के सभी प्रमुख नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर परिजनों से मिलकर सांत्वना व्यक्त की। नेताओं ने कहा कि सोहन प्रसाद जी एक समाजसेवी, कर्मठ नेता और हर कार्य में सबसे आगे रहने वाले व्यक्तित्व थे। उनका जाना पार्टी और समाज दोनों के लिए एक बड़ी क्षति है।
भाजपा ने सभी कार्यक्रम रद्द किए
उनके निधन के शोक में भाजपा ने जिले के सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। भाजपा के स्थानीय कार्यालयों में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। जिले में आम जनमानस से लेकर व्यवसायिक और राजनीतिक वर्ग तक हर कोई इस अपूरणीय क्षति से व्यथित है।
ईश्वर से प्रार्थना
ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे। उनके योगदान को जहानाबाद कभी भुला नहीं पाएगा।