पूर्णियां/मलय कुमार झा
चुनावी ज़ंग के पूर्व पूर्णियां में खूनी खेल शुरू हो गया है। इसमें पूर्व गन्ना मंत्री और तीन बार की विधायक रह चुकी बीमा भारती के पति पूर्व प्रखंड प्रमुख कुख्यात बदमाश अवधेश मंडल का नाम सामने आ रहा है।
पूर्णियां के रूपौली विधानसभा की पूर्व विधायक और राजद की प्रदेश उपाध्यक्ष बीमा भारती के पति अवधेश मंडल पर एक व्यक्ति का अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि भवानीपुर थाना के कुशहा मिलिक के रहनेवाले वल्लभ मंडल उर्फ भोला मंडल का पहले राह चलते अवधेश मंडल के गुर्गे ने पहले अपहरण किया। इसके बाद उसे बांधकर अवधेश मंडल के आवास पर ले गया जहां उक्त व्यक्ति के साथ पहले गाली गलौज की गई और बेरहमी से मारा।
इसके पश्चात अवधेश मंडल ने दबिया से सिर पर जानलेवा हमला कर गंभीर रुप से जख्मी कर दिया।
*मेरे चुटकी में थाना जान मारने की दी धमकी*
पीड़ित भोला मंडल का कहना है बीमा भारती के पति उसकी हत्या करना चाह रहा था। इसके संबंध में स्थानीय भवानीपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित भोला मंडल का कहना है कि गुरूवार की शाम तीन बजे के करीब वह बाइक से सामान लाने बाजार जा रहा था। इस दौरान एक्सयूवी वाहन से हथियार से लैस अपराधी उतरे और बिना कुछ बताए धक्का देते हुए जबरन गाड़ी में बिठा लिया। इसके बाद घर ले जाकर अवधेश मंडल ने क्रूरता की सारी हदें पार कर हत्या करने की नीयत से हमला किया। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। पीड़ित की पत्नी का कहना है की अवधेश मंडल मेरे पति को जान से मारने की धमकी देते हुए चेतावनी वाले लहजे में कहता है कि थाना मेरे चुटकी में है। मेरे पर केस ही न होगा देख लेंगे। पत्नी का कहना है कि पांच साल पहले भी अवधेश मंडल ने जानलेवा हमला किया था।इस घटना के बाद पीड़ित का पूरा परिवार डरा सहमा है। पीड़ित परिवार पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।फिलहाल पीड़ित का जीएमसीएच पूर्णियां में इलाज चल रहा है। इस घटना के बारे में जब अवधेश मंडल से पूछा गया तो उसने कहा कि यह बेबुनियाद आरोप है। राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें फंसाया जा रहा है। इस घटना के संबंध में रूपौली के निर्दलीय विधायक शंकर सिंह की पत्नी जिला पार्षद सदस्य सुनीता सिंह ने कहा कि डर का माहौल पैदा करने के लिए यह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही अवधेश मंडल जेल से बाहर निकला है। लोगों को जात पात में बांटने की कोशिश की जा रही है। बीमा भारती और उसकी बेटी रानी भारती पर जंगलराज को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। बीमा भारती से सवाल करते हुए कहा कि जिस तेजस्वी यादव को आप लोग समर्थन दे रहे हैं उसने आप लोगों को गरीब को सताना सिखाया है क्या। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व बीमा भारती पीड़ित के घर पर पहुंची थी और उसे आगामी चुनाव में अपने समर्थन में खड़ा रहने का निर्देश दिया था। जिला पार्षद ने कहा कि शंकर सिंह विधायक के रहते इस इलाके में किसी की गुंडागर्दी नहीं चलेगी। पुलिस प्रशासन से इस मामले पर सख्त कार्रवाई की मांग की।