पाकुड़/लिट्टीपाड़ा :- प्रखंड के करियोडिह क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ। शनिवार को एक मोटरसाइकिल तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए। घटना पाकुड़-दुमका मुख्य मार्ग के निकट छोटी पुलिया के समीप हुई।
घटना के बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने घायलों को उठाकर सड़क किनारे बिठाया और उनकी मदद की। घायलों ने बताया कि वे बंगाल से अपने रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे, तभी करियोडिह के पास बाइक असंतुलित होकर गिर गई। गनीमत यह रही कि बाइक चला रहा व्यक्ति हेलमेट पहने हुए था, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई।
स्थानीय लोगों में सड़क की खराब स्थिति को लेकर आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर धूल जमा होने के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने प्रशासन से सड़क मरम्मत करने और नियमित पानी छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि धूल उड़ने से होने वाली समस्याओं से निजात मिल सके।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो भविष्य में और भी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की अपील की है।
- NIHAL SAH